फीचर डेस्क , हमीरपुर
श्रावण महीने के पावन वीरवार को महिलाओं ने हरियाली तीज का त्यौहार नाच गाकर मनाया। जिला हमीरपुर के सलासी के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में शहर सहित दूर दराज क्षेत्रों की महिलाएं पहुंची। यहां पर इन्होंने डीजे की धुनों पर तीज त्यौहार की खुशी मनाई तथा एक दूसरे को बधाईयां भी दीं। डीजे की धुनों से गूंज रहे हॉल में डांस कर रही महिलाओं ने माहौल को खुशनुमना बना दिया। कई तरह के गानों पर महिलाओं ने नृत्य कर खूब इंजाय किया तथा यहां मौजूद अन्य महिलाओं की वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम सलासी के रॉयल होटल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का नाम आया सावन झूम के रहा। महिलाओं ने हरियाली तीज व सावन महीने का जश्न एक साथ मनाया। इस दौरान महिलाओं ने पहाड़ी नाटी, पंजाबी भांगड़ा, फिल्मी गानों के तरानों पर डांस कर समां बांध दिया। वहीं कई अन्य कार्यक्रम भी महिलाओं द्वारा आयोजित किए गए। पक्का भरो क्षेत्र की महिलाएं तथा उनकी सहेलियों ने मिलकर सावन महीने के इस गुरूवार को खास बना दिया। डीजे की धुनों पर महिलाओं ने एक साथ डांस कर जहां एकजुटता का संदेश दिया वहीं सावन महीने का अर्थ भी सार्थक कर दिखाया। कुछ महिलाओं ने डयूट डांस कर सभी का मनोरंजन करने के साथ ही वाहवाही बटोरी। रंग-बिरंगे परिधानों में पहुंची महिलाओं ने सावन महीने का महत्व समझाया।
ऐसा कहा जाता है कि सुहागिन महिलाएं सावन महीने की हरियाली तीज में श्रृंगार व हाथों में मेहंदी लगाकर माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर उनसे अखंड सौभाग्य का आर्शीवाद मांगती हैं। यही नहीं सावन महीने में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना करने से वैवाहिक जीवन भी खुशहाल बना रहता है। यही कारण है कि सावन महीने में शिवालय भक्तों से भरे रहते हैं। सावन महीने में महिलाएं भगवान को प्रसन्न करने के लिए विशेष पूजा अर्चना करती हैं। गुरुवार को सलासी में आयोजित कार्यक्रम भी सावन का ही हिस्सा रहा। महिलाओं ने बताया कि वे सभी मिलकर हर वर्ष सावन महीने में इस कार्यक्रम का आयोजन करती आ रही हैं। कोरोना की वजह से दो साल से कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाया था। दो साल बाद फिर सावन महीने में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ तथा सभी सखियों ने एकत्रित होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया। इस दौरान महिलाओं ने आपस में कई तरह के मनोरंजक खेल भी खेले। यहां पहुंची महिलाओं ने इस कार्यक्रम की जहां जमकर सराहना की वहीं सावन महीने की एक-दूसरे का बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर महिला आर्या, प्रेम लता शर्मा, मीनाक्षी ठाकुर, निशा ठाकुर, कांता राणा, मीना शर्मा, शीला शर्मा, सरिता शर्मा, मीना भारती, अंजना, सुमन बाला शर्मा, आशा कुमारी, अनु ठाकुर, प्रवीण शर्मा, रीना शर्मा, पवना पुरी, रचना ठाकुर, निर्मला बन्याल, सिम्मी ठाकुर, शिवानी बन्याल, मीनू संदल, ऊषा शर्मा व अकांक्षा शर्मा उपस्थित रहीं।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh