स्टेट ब्यूरो. शिमला
प्रदेश का सबसे छोटा जिला हमीरपुर जिसकी उपलब्धियां इतनी ज्यादा और बढ़ी हैं कि यहां के लोगों ने हर क्षेत्र में आगे रहते हुए हर हमीरपुरी का माथा ऊंचा किया है। इसी फेहरिस्त में एक नाम और जुड़ गया है बिंदिया कौशल का। मु यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र नादौन के कांगू की रहने वाली बिंदिया ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में इतिहास रचते हुए लाहौल स्थिति 6111 मीटर ऊंची यूनम चोटी पर पहुंचकर वहां राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया है। आपको बता दें कि बिंदिया हिमाचल पुलिस की जंगलबैरी स्थित फोर्थ बटालियन में बतौर कांटेबल के पद पर तैनात है। दिलचस्प बात यह है कि इस चोटी को फतह करने के साथ ही बिंदिया पुलिस विभाग में पहली महिला पुलिस कर्मचारी पर्वतारोही बन गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग में अभी तक कोई महिला कर्मी यहां तक नहीं पहुंच पाई है। बिंदिया ने जमा दो की पढ़ाई के बाद इलेक्ट्रोनिक्स में डिप्लोमा किया है। 2015 में वह पुलिस विभाग बतौर कांस्टेबल भर्ती हुई हैं और जंगलबैरी में वर्ष 2020 से सेवारत हैं। बताते हैं कि बिंदिया इस क्षेत्र में अपना हुनर दिखाने के लिए एक लाख से अधिक की राशि खर्च कर चुकी हैं। बिंदिया ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली से मूलभूत एवं उच्च प्रशिक्षण प्राप्त किया है। बता दें कि बर्फ से ढकी यूनम पिक में पेड़ पौधे तो क्या घास तक न होने के कारण ऑक्सीजन की भारी कमी रहती है। यहां तापमान शून्य से भी नीचे रहता है।बिंदिया के पिता रविंद्र कौशल एक पूर्व सैनिक हैं जबकि माता हाउस वाइफ हैं। उनकी एक बड़ी बहन है जिनकी शादी हो चुकी है और एक छोटा भाई है। बताते हैं कि बिंदिया ने अलग-अलग राज्यों के 9 लोगों के साथ यूनम पीक पर पहुंचने के लिए 12 अगस्त से मिशन शुरू किया था और 15 अगस्त शाम को उन्होंने यह मिशन पूरा किया। फोर्थ आईआरबी जंगलबैरी के कमांडेंट दिवाकर शर्मा ने बिंदिया को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने महिला पुलिस आरक्षी को दी बधाई
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को हिमाचल पुलिस की चौथी आईआरबी जंगलबेरी की पुलिस आरक्षी बिंदिया को यूनम चोटी की सफलतापूर्वक चढ़ाई करने पर बधाई दी है। मु यमंत्री ने बिंदिया को आगामी अभियानों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यूनम चोटी पर विजय प्राप्त करने वाली वह राज्य पुलिस की पहली महिला हैं और यह पुलिस विभाग एवं समस्त प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh