जिला ब्यूरो कुल्लू
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की महासचिव प्रियंका गांधी चंडीगढ़ से प्रदेश सरकार के हेलीकाप्टर में भुंतर पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। भुंतर पुल पर उतरकर उन्होंने आपदा से प्रभावित लोगों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आपदा क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार आपदा में अच्छा काम कर रही है। वह अपने संसाधनों से प्रभावितों को हरसंभव मदद दे रही है। उन्होंने कहा कि आपदा बहुत बड़ी है इससे निपटना अकेले प्रदेश सरकार के बस की बात नहीं। वहीं, उन्होंने फिर दोहराते हुए कहा कि केंद्र हिमाचल को आपदा ग्रस्त राज्य घोषित कर दे और उसे आर्थिक मदद दें। प्रियंका बोली,कई ऐसे कार्य जो केंद्र की मदद के बिना संभव नहीं होंगे।
इस अवसर पर प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल में किसकी सरकार यह नहीं देखना चाहिए। आपदा का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए आपदा से 12 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार यहां शीघ्र मदद करे। इसके बाद प्रियंका गांधी मंडी जिले के द्रंग हलके के दयोरी का दौरा करने पहुंची। यहां 12 अगस्त को बादल फटने से सीनियर सेकेंडरी स्कूल के भवन, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी व घरों को भारी नुकसान हुआ था। प्रियंका गांधी यहां भी प्रभावितों से बात की। मंडी पहुंची प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र को अच्छी भावना से मदद करनी चाहिए।
एकजुट होकर काम करने में मिसाल बना हिमाचल
प्रियंका ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में बहुत से लोग श्रमदान भी कर रहे हैं। आपदा से निपटने के लिए एकजुट होकर काम करने की हिमाचल के लोगों की यह जो भावना है, वही हमारी राज्य सरकार की भी है। हिमाचल के लोगों की यह भावना पूरे देश के लिए मिसाल है। इससे देश के लोगों को सिखना चाहिए। केंद्र सरकार को भी इसी भावना से मदद करनी चाहिए। इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। यह नहीं देखना चाहिए कि राज्य में कांग्रेस की सरकार है और केंद्र में भाजपा की।
फोरलेन की हालत के लिए पीएम को लिखेंगी पत्र
इसके बाद वह भुंतर से सड़क मार्ग से मनाली के लिए रवाना हुईं। इसके बाद उन्होंने आलू ग्राउंड में 9 जुलाई को ब्यास नदी में आई बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों से बात कर उनका दुख बांटा। कीरतपुर मनाली फोरलेन को हुए नुकसान का निरीक्षण किया और यह भी कहा कि फोरलेन की हालते के लिए पीएम को पत्र लिखूंगी।
सीएम सुक्खू बोले, प्रधानमंत्री से भी उठाया मसला
वहीं, सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में आपदा से 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर हिमाचल में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग उठाई थी। प्रधानमंत्री ने इस पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh