हमीरपुर. पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर से लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर के गृहजिले में भाजपा ने पार्लिमेंट्री इलेक्शन के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में जिला भाजपा ने बैठकों का दौर भी शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में जिला भाजपा अध्यक्ष देशराज शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक की। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को जिला अध्यक्ष ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर जानकारी दी एवं चर्चा की। इस दौरान चर्चा में बूथ सशक्तिकरण, आयुष्मान कार्ड योजना, मन की बात, दीनदयाल उपाध्याय जयंती व 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान को लेकर विशेष रूप से दिशा निर्देश दिए गए व सभी भाजपा मंडलों के अध्यक्षों को 25 सितंबर को शिमला में होने जा रहे प्रदेश विधानसभा घेराव के लिए सभी मंडलों को 250-250 भाजपा कार्यकर्ताओं को शिमला ले जाने पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने सभी भाजपा मंडलों को आदेश दिए कि दो दिनों में सभी मंडल अध्यक्ष सूची बनाकर जिला अध्यक्ष को पहुंचाएं। जिला अध्यक्ष ने कहा कि मंडल अध्यक्ष व जिला के पदाधिकारी आगामी लोकसभा चुनावों तक अपने अपने क्षेत्रों में कमर कस लें और केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि भाजपा का मिशन रिपीट सफल हो सके। जिला अध्यक्ष ने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बूथ स्तर से पार्टी को सुदृढ़ करने पर जोर दें, ताकि आगामी चुनावों के समय किसका लाभ भाजपा को मिल सके। उन्होंने कहा कि इस बार नरेंद्र मोदी को पहले से भी ज्यादा बहुमत से सत्ता में वापस लाना है। इसके लिए भाजपा पदाधिकारी आज से ही मैदान में डट जाएं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर लगातार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस बार अपने युवा नेतृत्व को और ज्यादा सशक्त करना है। इस अवसर पूर्व विधायक नादौन विजय अग्निहोत्री के अलावा जिला महामंत्री राकेश ठाकुर, अजय रिंटू जिला उपाध्यक्ष विजयपाल सोहरु, अभयवीर सिंह लवली, हमीरपुर मंडल अध्यक्ष आदर्श कांत ,भोरंज मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर, नादौन मंडल अध्यक्ष विक्रम पठानिया, बड़सर मंडल अध्यक्ष यशवीर पटियाल, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी विकास शर्मा व समस्त जिला भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh