– केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर के दियोटसिद्ध में किया स्वच्छ भारत 3.0 का शुभारंभ
हमीरपुर . केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार सुबह दियोटसिद्ध में स्वच्छ भारत 3.0 का शुभारंभ किया। अनुराग सिंह ठाकुर रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र के हमीरपुर में विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित शौर्य जागरण यात्रा में संतों व भद्र जनों के साथ उपस्थित रहे इसके अतिरिक्त अनुराग ठाकुर ने ज़िला स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं को संबोधित कर जनसमस्याओं की सुनवाई की।
इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस और अन्य संस्थाओं एवं संगठनों के युवा स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक देश के सभी जिलों में नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से स्वच्छ भारत 3.0 अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी लोगों से इस अभियान में जुड़ने और स्वच्छता के लिए अपना योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित लोगों को सप्ताह में कम से कम दो घंटे और साल में 100 घंटे स्वच्छता के लिए समर्पित करने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र की राज्य निदेशक ईरा प्रभात ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया तथा स्वच्छ भारत 3.0 अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
शौर्य जागरण यात्रा में अनुराग ठाकुर ने कहा “ हिंदुत्व हमें सद्भाव सिखाता है, सर्वकल्याण की भावना जगाता है। हिंदू धर्म और हिंदुत्व पर लंबे लेख लिखना आसान है मगर हिंदुत्व को जीवन में उतारना, आचरण में लाना उसे जीना एक “चुनावी हिंदू” के बस की बात नहीं।कुछ लोग जिनकी ज़िंदगी और राजनीति ही हिंदू विरोध की धुरी पर टिकी है, जिन्होंने हिंदू को हीन करने व राम को काल्पनिक सिद्ध करने के लिए तन-मन-धन से समर्पित रहे आज वो झूठे आवरण में हिंदू-हिंदुत्व का प्रवचन दे रहे हैं। वो ये भूल रहे हैं, ये नया भारत है जो धार्मिक आक्रांताओं को पहचानता भी है, और उन्हें दर्पण दिखाना भी जानता है। चुनावी हिंदू रूपी कालनेमि ने जब-जब हमारे धैर्य व भावनाओं की लक्ष्मण रेखा लांघी है, उनका भेद खुला है…जवाब जनता ने दिया है”
ज़िला स्तरीय युवा उत्सव को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा “युवा उत्सवों के आयोजन से युवाओं को जहां अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, वहीं उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास भी सुनिश्चित होता है तथा देश की समृद्ध संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्द्धन भी होता है। युवाओं को नशे जैसी गंभीर समस्या से दूर रखने में भी इस तरह की गतिविधियां काफी सहायक सिद्ध होती हैं।
भव्य राम मंदिर निर्माण भविष्य के भारत की नींव
दियोट्सिद. विश्व हिन्दू परिषद् / बजरंग दल हमीरपुर के तत्वाधान में शौर्य जागरण यात्रा का भव्य शुभारम्भ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के परम धाम से हुआ। इस ए अवसर पर जिला के विभिन्न भागों से राम भक्तों ने परम पवित्र रथ पर विराजमान राम दरबार, राम शिला और राम मंदिर कि प्रतिमूर्ति के दर्शन कर स्वयं को धन्य किया ।
कार्यक्रम में संत शिरोमणि परम पूजय महंत राजेन्द्र गिरी जी महाराज, महंत सरवेश्वर नंद सरस्वती जी महाराज, महंत हनुमान नाथ जी महाराज,त्रिदण्डी स्वामी गिरी जी महाराज, ब्रह्मचारी रामनन्द जी, केन्द्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष लेख राज राणा, प्रदेश सह मंत्री पंकज भारतीय मंच पर उपस्थित रहे।
अपने सम्बोधन में केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राम मंदिर के इतिहास और उसके निर्माण को लेकर 500 साल तक हुए संघर्ष को इतिहास की अद्वितीय घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस कालखंड में लाखों सनातनिओ ने अपना बलिदान दिया जिसका परिणाम भारत के भविष्य की नींव के रूप में राम मंदिर का बनाना हैं। उन्होंने कहा कि सनातन है सनातन था और सनातन रहेगा ।
इस अवसर पर स्वागत समिति के अध्यक्ष राजीव शर्मा, किशोर शर्मा, हरीश नंदा, गुंजन गौतम, संजीव शर्मा, नरेश कपिल, विनोद पुरी, विहिप के जिला मंत्री संजय गोस्वामी, सुरेन्द्र शास्त्री, अनिल शर्मा, बजरंग दल सयोंजक आशीष शर्मा, विपिन शर्मा, विशाल शर्मा, भाजपा नेता बलदेव शर्मा, देशराज शर्मा, यशवीर पटयाल, सोम दत्त शर्मा, संदीप अग्निहोत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh