हमीरपुर. जिला हमीरपुर के पुलिस थाना सुजानपुर के तहत पड़ते टिक्कर गांव से ताल्लुक रखने वाले एक पूर्व सैनिक के साथ चार पुलिस कर्मियों और गांव के कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने शिकायत के बाद पुलिस कर्मियों और महिला मंडल प्रधान और वार्डपंच के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि दूसरी ओर से महिला मंडल प्रधान और वार्ड पंच द्वार भी वृद्ध के खिलाफ गालियां देने के आरोप लगाए गए हैं जिसपर महिला थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक सप्ताह पूर्व महिला वार्ड पंच और महिला मंडल प्रधान ने दूरभाष पर सुजानपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि गांव का एक बुजुर्ग ज्ञानचंद शराब के नशे में गालियां दे रहा है। पुलिस मौके पर गई और दोनों पक्षों का समझौता करवाया। लेकिन अगले दिन ज्ञानचंद के बेटे ने एसपी हमीरपुर से मिलकर आरोप लगाए किए पुलिस कर्मियों और गांव के लोगों ने उसके पिता के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्द कहकर गालियां दीं। शिकायतकर्ता के अनुसार रात को चार पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उसके पिता पर हमला बोल दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार ज्ञानचंद भूतपूर्व सैनिक हैं और 24 बर्षों से अधिक इंडियन आर्मी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। और उन्होंने अपनी सेवाओं के दौरान भारत- चीन युद्ध 1962, भारत-पाक युद्ध 1965, और भारत-पाक युद्ध 1971 में तीन मेडल हासिल किए हैं। आज ऐसे व्यक्ति को उसके ही घर में मारापीटा जा रहा है। ज्ञानचंद की उम्र 90 वर्ष से अधिक है।
पुलिस ने क्रॉस एएफआईआर दर्ज की है : एसपी
इस बारे में एसपी हमीरपुर डा. आकृति शर्मा का कहना है कि इस केस में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है और एडिशनल एसपी मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग ज्ञानचंद के बेटे ने जो शिकायत दी थी उस आधार पर पुलिस कर्मियों और महिला मंडल प्रधान तथा वार्डपंच के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं महिला मंडल प्रधान और वार्डपंच ने बुजुर्ग के खिलाफ गंदी गालियां देने के आरोप लगाए हैं जिसपर महिला थाने में केस दर्ज किया गया है।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh