शिमला. सीमाओं पर देश की हिफाजत में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों के परिवारों को एक्सग्रेसिया के रूप में मिलने वाली राशि अब 30 लाख रुपए कर दी गई है। हिमाचल सरकार ने सैनिकों के आश्रितों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक्सग्रेसिया की राशि में दस लाख रुपए की बढ़ौतरी की है। बता दें कि पहले यह राशि 20 लाख रुपए हुआ करती थी। वहीं सर्विस के दौरान सामान्य मृत्यु पर भी सैनिक के परिवार को पांच लाख रुपए की बजाए अब साढ़े सात लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निदेशालय की तरफ से राशि बढ़ाने का प्रस्ताव हिमाचल सरकार को कुछ महीने पहले भेजा गया था। इस प्रस्ताव पर हिमाचल सरकार ने हाल ही में अपनी मुहर लगाई है।
बता दें कि प्रदेश से हजारों सैनिक सेना में अपनी सेवाएं विभिन्न दुर्गम स्थानों पर प्रदान कर रहे हैं। देश की सरहदों पर आतंकवादी हमलों के दौरान कई बार सैनिक वीरगति को प्राप्त हो जाते हैं। हिमाचल प्रदेश में कई सैनिकों ने बहुत कम उम्र में मां भारती की रक्षा करते हुए शहादत पाई है। सैनिक की शहादत के उपरांत उसके आश्रितों को हिमाचल सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन की तरफ से एक्सग्रेसिया की राशि प्रदान की जाती है। यह राशि हिमाचल सरकार की तरफ से पहले 20 लाख रुपए तय की गई थी। कई वर्षों से यह राशि 20 लाख रुपए ही थी। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान सामान्य मृत्यु पर सैनिक परिवार को पांच लाख रुपए प्रदान किए जाते थे। अब दोनों की वर्गों की एक्सग्रेसिया की राशि को बढ़ाया गया है।
पंजाब – उत्तर प्रदेश देता है एक करोड़
जानकारी के मुताबिक पंजाब सरकार तथा उत्तर प्रदेश सरकार सैनिकों की शहादत के उपरांत उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपए की एक्सग्रेसिया राशि प्रदान करती है। दोनों ही राज्यों की सरकारों ने सैनिकों के आश्रितों के हितों के मद्देनजर राशि को एक करोड़ कर रखा है। हालांकि यह राशि हिमाचल सरकार की तरफ से 30 रुपए रुपए की गई है जोकि पहले 20 लाख रुपए थी। चाहे जो भी हो राज्य सरकारों ने अपने सामथ्र्य अनुसार सैनिकों के आश्रितों को राहत पहुंचाई है।
क्या कहते हैं निदेशक पूर्व सैनिक कल्याण निदेशालय
इस बारे में निदेशक, पूर्व सैनिक कल्याण निदेशालय रि. ब्रिगेडियर मदनशील शर्मा का कहना है कि हिमाचल सरकार को पूर्व सैनिक कल्याण निदेशालय के माध्यम से एक्सग्रेसिया की राशि बढ़ाए जाने बारे प्रस्ताव भेजा गया था। इस प्रस्ताव को हिमाचल सरकार ने अपनी स्वीकृति प्रदान की है। अब वीर सैनिकों के आश्रितों को एक्सग्रेसिया के रूप में 20 लाख की बजाए 30 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। ड्यूटी के दौरान सामान्य मृत्यु पर भी अब पांच की जगह साढ़े सात लाख की राशि प्रदान की जाएगी।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh