शिमला. मंगलवार को राज्यसभा की सीट के लिए हुए चुनाव में भाजपा के हर्ष महाजन ने चुनाव जीत लिया है। इससे पहले हिमाचल में एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए हुए बहुचर्चित चुनाव का मुकाबला टाई हो गया था।। दोनों दलों कांग्रेस व भाजपा को 34-34 वोट मिले थे । भाजपा ने बीमार चिंतपूर्णी के विधायक सुर्दशन बबलू के वोट पर आपत्ति जताई थी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर कांग्रेस विधायकों के खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। उल्लेखनीय है कुल 9 विधायकों ने क्रास वोटिंग की है।
राज्यसभा चुनाव में मिली हार के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि जिन लोगों ने कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिन्ह पर भाजपा को हराकर विधायक का रुतबा पाया, यदि उन्होंने ही ईमान बेच दिया, तो क्या किया जा सकता है। हिमाचल की संस्कृति ऐसी नहीं थी। सरकार से नाराजगी होती रहती है। विरोधाभास भी होता है, लेकिन राजनीति में ईमान नहीं बेचा जाता। हिमाचल की जनता सब जानती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भी 34 कांग्रेस के विधायकों ने कई तरह के प्रलोभन मिलने के बावजूद पार्टी का साथ दिया है। इन्हें भी इस तरह के प्रलोभन दिए गए थे, जिनकी हिमाचल में कल्पना भी नहीं की जा सकती, लेकिन 34 विधायक पार्टी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के छह विधायकों से हमारा संपर्क नहीं हो रहा।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh