हमीरपुर. पाकिस्तान पर भारत द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक के ऊपर कांग्रेस को ज्यादा दर्द क्यों होता है? यह सवाल हर भारतवासी को चुभता है। यह बात केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को हमीरपुर जिला मुख्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हम सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं। एक समान अधिकार देने की बात करते हैं और गरीबों के कल्याण के लिए काम करते हैं। इस मौके पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि क्या 26/11 के हमले के बाद हाथ पर हाथ रख कर भारत को कमजोर दिखाया जाना चाहिए था? कांग्रेस चाहती क्या है? अगर डोकलाम में मुंहतोड़ जवाब चीन की सेना को दिया गया, तब भी कांग्रेस के नेता बंद कमरे में क्या कर रहे थे। चीन के अधिकारियों के साथ चीन का पैसा राजीव गांधी फाउंडेशन में क्यों लिया गया और क्या किया गया? जब भारत की सेना सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से आतंकी ठिकाने पर कार्रवाई करती है तो कांग्रेस क्यों सवाल जवाब करती है? राहुल गांधी बताएं कि राजस्थान जो 3 साल की बच्ची के रेप का मामला सामने आया है, उसमें सरकार की क्या कार्यवाही हुई है? हर रोज राजस्थान में ऐसे मामले आ रहे हैं जिसमें बेटियों या महिलाओं के साथ रेप और हत्या के मामले बढ़े हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी का 141वां सत्र आज से भारत में शुरू हुआ और इसकी घोषणा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने की। भारत प्रभावी ढंग से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अगले 3 साल में बनने जा रहा है। भारत चंद्रयान मिशन की सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंच चुका है। साथ ही गत दिनों जी-20 के सफल आयोजन से देश का मान बड़ा है।उन्होंने कहा कि हमारा ट्रेड लगातार बढ़ रहा है। दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी यहां पर है और दुनिया में सबसे पुराने खेलों का आयोजन करने का श्रेय भी भारत को है। 1936 में मेजर ध्यान चंद जी मेडल जिताया था। गोल्ड मेडल हॉकी में भारत को मिला था, तो क्यों न 2036 में जब इसके 100 साल पूरे हों तो भारत को ओलंपिक खेलों का आयोजन मिले।
इस दिशा में भारत तैयार है। निर्णय ओलंपिक समिति को करना है, भारत तैयार है। इसी तरह से उससे पहले 2029 में एशियाई खेलों के लिए भी भारत ने मेजबानी के अपना दावा ठोक कर कहा है कि हम तैयार हैं। यह नए भारत की बुलंद तस्वीर है, यह भारत के नए कदम हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जहां एक और हाल ही में संपन्न एशियाई खेलों में 107 मेडल हमने जीते हैं जोकि आज तक के सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने कहा टोक्यो ओलंपिक, पैरालंपिक और कॉमनवेल्थ खेलों में भी भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है और आगे और तैयारी जारी है।
जो जीतने की स्थिति में उसी को टिकट
अनुराग ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव में आपने देखा होगा कि बड़े चेहरे चाहे वो सांसद हों, मंत्री हों या विधायक, सबको चुनाव लड़ाया जा रहा है जो जीतने की स्थिति में उनको टिकट दिया जाए, ताकि अच्छा प्रदर्शन रहे और एक बार फिर सभी राज्यों में सरकार बनकर सेवा कर सकें। इसलिए पार्टी तय करती है कि किसको कहां से चुनाव लडऩा है। फिर चाहे वो लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा का। हम सब कार्यकर्ता पार्टी आलाकमान के दिशा निर्देश पर कार्य करते हैं।
Author: Khabar Logy
Himachal Pradesh